महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी एक के बाद एक रिकॉर्ड को ध्वस्त करते जा रहे हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए लिस्ट ए क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। आइए आपको बताते हैं वैभव भारत की नेशनल टीम की ओर से डेब्यू करने से पहले ही किन-किन रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर चुके हैं।
सबसे तेज अर्धशतक: भारत ए की ओर से खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव अब सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने श्रीलंका के बल्लेबाज कौशल्या वीररत्ने का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
सबसे युवा शतक लगाने वाले बल्लेबाज:वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। उन्होंने 14 साल 272 दिन की उम्र में शतक लगाते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने बिहार की तरफ से खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में यह कारनामा किया था। वैभव ने इस मुकाबले में 190 रनों की दमदार पारी खेली थी।