वैभव सूर्यवंशी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने गुरुवार को 15 साल और 118 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के विरुद्ध हरारे स्पोर्ट्स क्लब में यह कारनामा किया।
वैभव ने 19 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली। इसी के साथ वैभव ने जिब्राल्टर के बल्लेबाज लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2021 में माल्टा के विरुद्ध 16 साल और 56 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। इस लिस्ट में कविन चड्ढा तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2026 में इंडोनेशिया की तरफ से खेलते हुए 16 साल और 76 दिन की उम्र में स्वीडन के विरुद्ध यह कारनामा किया था।
सिएरा लियोन के अलुसीन तुरे इस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं, जिन्होंने 16 साल और 89 दिन की उम्र में घाना के खिलाफ साल 2023 में अर्धशतक जड़ा था। वहीं, भूटान के तेनजिन रबगी (16 वर्ष 118 दिन) इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में चीन के खिलाफ अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था।