15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम में जगह बना ली है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई। भारतीय टीम में जगह पाने वाले वह सबसे युवा खिलाड़ी हैं।
शनिवार को भारतीय टी20 टीम की घोषणा के बाद बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा कि आईपीएल 2026 में अपने दमदार प्रदर्शन से वैभव सूर्यवंशी ने खुद को टीम में चुना है। वैभव ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप का खिताब जीता था।
अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमने देखा है कि वह क्या कर सकता है। आईपीएल में प्लेऑफ तक उसने अकेले ही राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाई। एक युवा खिलाड़ी के लिए, मुझे इस बारे में बात करने की जरूरत नहीं है कि वह कितनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है या कितना अच्छा खेल रहा है। यह सिर्फ इस सीजन की बात नहीं है। उसने पिछले सीजन में साफ तौर पर शानदार शुरुआत की है।"