भारतीय टीम शुक्रवार से आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने इस किशोर को प्रतिभावान खिलाड़ी बताते हुए उम्मीद जताई है कि वैभव भारतीय टीम में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मैच में 94 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक रहा। अब फैंस को उम्मीद है कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में मौका दिया जाएगा। अगर वैभव इस सीरीज में डेब्यू करते हैं, तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर होंगे।
राजकुमार शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "वैभव सूर्यवंशी प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। उन्होंने विश्व के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की है, जो बेहद सराहनीय है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में भी काफी अच्छा करेंगे।"