श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान, दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी में भारतीय क्रिकेट और विश्व क्रिकेट की ताकत बनने के सभी गुण हैं। संगकारा ने कहा कि वैभव शोहरत और अटेंशन को संभालने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।
संगकारा ने एक साक्षात्कार में कहा, "मुझे लगता है कि वैभव सारा अटेंशन बहुत अच्छे से संभाल लेगा। वह इसे कैसे संतुलित करता है, और उसे अपने परिवार और टीम से जो समर्थन मिलता है, वह बहुत जरूरी होगा। राजस्थान रॉयल्स में, हम इस बात पर बहुत ध्यान देते हैं कि हम उसे कैसे मैनेज करें और बचाएं। हम उस पर नजर रखते हैं ताकि यह पक्का हो सके कि वह जमीन से जुड़ा और केंद्रित रहे। एक बात मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि वैभव को बल्लेबाजी पसंद है। उसे खेल पसंद है। शोहरत और चमक-दमक का उस पर कोई खास असर नहीं पड़ता। वह बहुत जमीन से जुड़ा हुआ है और कई चीजों को लेकर उत्सुक रहता है।"
आरआर के कोच ने कहा, "वह हर समय सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं जीता और सांस लेता है। उसके पास दूसरी चीजों के लिए भी जगह है। मुझे कोई शक नहीं है कि वह भारतीय क्रिकेट, विश्व क्रिकेट और फ्रेंचाइज क्रिकेट के लिए एक ताकत बनेगा। वह मानसिक तौर पर मजबूत है।"