Indian Premier League: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को बड़ा सम्मान देने की घोषणा की है। मात्र 15 वर्ष की उम्र में अपने प्रदर्शन से सबको हैरान करने वाले इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर को झारखंड सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उन्हें राज्य स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और अदम्य आत्मविश्वास से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने महज 15 साल की उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से धुनाई कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "वैभव, भले ही आपकी टीम मैच हार गई हो, लेकिन आपने लाखों भारतीयों का दिल पहले ही जीत लिया है। मैं खुद एक क्रिकेटर रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े गेंदबाजों का इस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना वाकई असाधारण है। आपने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान को गौरवान्वित किया है।"