बिहार के 15 वर्षीय क्रिकेटर लाल वैभव सूर्यवंशी ने 2026 आईपीएल सीजन में दिग्गज वेस्टइंडीज बल्लेबाज क्रिस गेल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ वैभव न सिर्फ क्रिकेट जगत में छाए हुए हैं, बल्कि बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी उनकी तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी और कम उम्र में विश्वस्तरीय प्रदर्शन को देखते हुए बिहार सरकार के मंत्रियों और जदयू नेताओं ने उन्हें बिहार का गौरव बताया है।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "क्रिकेट की दुनिया में छक्के लगाना और मैचों में रोमांच पैदा करना हमेशा सराहा जाता है। वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक छक्के लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि बहुत कम उम्र में भी एक खिलाड़ी विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ सकता है।"