भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा वनडे मुकाबला बीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लोरिन फिरी बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुईं। बिलव्ड बीजा को वैष्णवी शर्मा ने हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराकर सिर्फ एक रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
25 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी जिम्बाब्वे टीम की पारी को जोसेफिन नकोमो और चिएड्जा धुरुरू ने संभालने का प्रयास किया और चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 27 रन जोड़े। धुरुरू 20 रन बनाने के बाद वैष्णवी शर्मा का शिकार बनीं। वहीं, कप्तान नकोमो 67 गेंदों में 35 रन बनाने के बाद आउट हुईं। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए। इसके बाद जिम्बाब्वे ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम सिर्फ 131 रन बनाकर ऑलआउट हुई। न्याशा ग्वांज़ुरा ने 10 रन बनाए, जबकि मिशेल मावुंगा 6 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।