यानिक सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब जीता। सिनर को उनकी इस यादगार जीत के लिए अल्काराज, सचिन तेंदुलकर, रॉड लेवर, जेम्स ब्लेक और ब्रैड गिल्बर्ट ने बधाई दी है।
सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को के तीन घंटे 46 मिनट तक चले मुकाबले में 6-7(7), 7-6(2), 6-3, 6-4 से हराकर विंबलडन 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस खिताब के साथ ही उन्होंने अपना 100वां ग्रैंड स्लैम मैच भी जीता। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले मौजूदा समय के आठवें खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में नोवाक जोकोविच (409), स्टैन वावरिंका (160), मारिन सिलिच (143), ज़्वेरेव (131), गेल मोनफिल्स (130), केई निशिकोरी (104) और ग्रिगोर दिमित्रोव (103) शामिल हैं।
पिछले साल खिताबी मुकाबले में सिनर से हारने वाले अल्काराज ने सिनर को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' की स्टोरी पर लिखा, "यानिक और उनकी टीम को बधाई। इस पल का आनंद लें।" वहीं, भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सिनर को जीत पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने ज्वेरेव की भी प्रशंसा की। उन्होंने अपने 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने इस मुकाबले में यानिक सिनर के खिलाफ अपनी पूरी ताकत लगा दी। उनकी सर्विस, मूवमेंट, शॉट-मेकिंग, सब कुछ शानदार था। हालांकि, सिनर ने दिखाया कि चैंपियन बनने के लिए सिर्फ अपना बेस्ट टेनिस खेलना काफी नहीं है। उन्हें मुश्किल पलों से गुजरना पड़ा, शांत रहना पड़ा और खुद पर भरोसा बनाए रखना पड़ा। इसी मजबूती ने फर्क पैदा किया। यानिक सिनर, एक और विंबलडन खिताब के लिए बधाई।"