Royal Challengers Bengaluru: विराट कोहली प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं। आईपीएल 2026 के उद्घाटन मुकाबले में भी विराट ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी का शानदार नजारा दिखाया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) पर बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। विराट ने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन की पारी खेली।
विराट की इस पारी को देखने के बाद भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने उन्हें टेस्ट फॉर्मेट में लौटने की सलाह दी है। रायडू ने कोहली को टेस्ट फॉर्मेट का कप्तान बनाए जाने की वकालत भी की है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर रायडू ने कहा, "मुझे लगता है कि आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी आना बाकी है। हमने अब तक जो देखा है, वह तो बस एक ट्रेलर है। फिटनेस को लेकर उन्हें कभी कोई समस्या नहीं रही है। मुझे नहीं लगता कि उन्हें अपनी शारीरिक फिटनेस को लेकर कभी कोई परेशानी होगी—जैसे कि गेंद को खेलने में देर होना या मैदान पर उनकी रफ्तार का कम होना। एकमात्र चीज जो उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर सकती है, वह है उनकी मानसिक स्थिति। मुझे नहीं लगता कि उनका करियर अभी खत्म होने के करीब भी है। वह 5-6 और खेल सकते हैं।"