भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाना है। इस मैच में विराट कोहली के पास वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स को खास मामले में पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में विराट कोहली संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। कोहली और विव रिचर्ड्स ने इंग्लिश टीम के खिलाफ 14 अर्धशतक लगाए हैं। विराट दूसरे वनडे में विव रिचर्ड्स की पहले ही बराबरी कर चुके हैं। हालांकि, तीसरे वनडे में उनके पास वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
कोहली अगर तीसरे वनडे में अर्धशतक लगाने में सफल रहते हैं, तो वो श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज कुमार संगकारा की बराबरी भी कर लेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ 50 ओवर के फॉर्मेट में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने के मामले में संगकारा पहले स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजी अटैक के खिलाफ 15 अर्धशतक लगाए हैं।