भारतीय क्रिकेट टीम ने रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में विराट कोहली के शतक और रोहित शर्मा-केएल राहुल के अर्धशतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 350 रन का लक्ष्य दिया है।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत की तरफ से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करने उतरे। जायसवाल अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन 16 गेंद पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 18 रन बनाकर नांद्रे बर्गर की गेंद पर वह विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दे बैठे। जायसवाल के रूप में भारत को पहला झटका चौथे ओवर की पहली गेंद पर लगा।
इसके बाद क्रीज पर रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने रंग जमाया। दोनों ने वैसी ही बल्लेबाजी की, जैसी रांची के फैंस उम्मीद कर रहे थे। रोहित और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में चौके, छक्के, पुल, कट, स्टेट ड्राइव, और फ्लिक जैसे दर्शनीय शॉट दिखे। रोहित और विराट ने अपनी करिश्माई बल्लेबाजी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने।