अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे का चयन किया गया है। टेस्ट और वनडे टीम का हिस्सा दुबे ने कहा है कि वह विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास से पहले उनके साथ खेलना चाहते थे। दुबे ने कहा है कि रोहित और विराट के साथ मैदान और ड्रेसिंग रूम शेयर करना उनका सपना रहा है।
विदर्भ की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले हर्ष दुबे ने जियोस्टार पर कहा, "अगर आप किसी भी युवा क्रिकेटर से पूछें कि वे अभी किसके साथ खेलना चाहते हैं, तो पहले दो नाम विराट कोहली और रोहित शर्मा होंगे। मैं उन्हें देखते हुए बड़ा हुआ हूं। जब से मैंने क्रिकेट को समझना शुरू किया है, वे भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वर्ल्ड क्रिकेट में छाए हुए हैं। इसलिए, उनके साथ खेलने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।"
दुबे ने कहा, "मैं हमेशा कम से कम एक लेजेंड के साथ खेलना चाहता था, इससे पहले कि वे रिटायर हो जाएं या जब भी उनका आखिरी दौर आए। अगर मुझे उनके साथ एक मैच भी खेलने को मिला, तो यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा होगा।"