भारत के बॉलिंग कोच आविष्कार साल्वी का मानना है कि आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले खेले गए दो वॉर्म-अप मुकाबलों ने टीम को अपना कैंपेन शुरू करने से पहले जरूरी अनुभव और आत्मविश्वास दिया है। टीम इंडिया 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ 'हाई-वोल्टेज मैच' के साथ अपना अभियान शुरू करेगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर 2025 को अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की तैयारी मिली-जुली रही है। भारतीय महिला टीम को साउथ अफ्रीका से 1-4 और फिर इंग्लैंड से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। वर्ल्ड कप से पहले वॉर्म-अप मुकाबलों में भारत ने वेस्टइंडीज को हराया, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
साल्वी ने गुरुवार को 'बीसीसीआईडॉटटीवी' पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, "मुझे लगता है कि ये दो वॉर्म-अप मैच हम सभी के लिए अच्छे अनुभव वाले रहे। हम असल में मैदान पर अपने गेम प्लान को आजमाने के लिए इनका इस्तेमाल कर सकते थे। गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों ही मैदान पर जाकर अपने गेम प्लान को आजमा सकते थे। उन्होंने मैदान पर जाकर अपनी योजनाओं को लागू करने की कोशिश की। जब भी भारतीय टीम, कोई मैच खेलती है, तो पहला मकसद उसे जीतना होता है। दूसरा मकसद उन सभी खिलाड़ियों को अनुभव देना होता है, जिनके बारे में हमें लगता है कि वे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे।"