Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 167 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद कहा कि यह उनके लंबे समय से देखे गए सपने के सच होने जैसा है।
पडिक्कल ने बताया कि इंटरनेशनल मंच पर इस खास पल को हासिल करने के लिए उन्होंने पर्दे के पीछे दो साल तक कड़ी मेहनत की थी। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में बारिश से प्रभावित दूसरे दिन पडिक्कल ने 131 रन के अपने कल के स्कोर से आगे खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ 167 रन की शानदार पारी खेली, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 460 रन लगा दिए हैं। ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में पडिक्कल ने कहा, "बिल्कुल, मैंने इस पल का सपना देखा था। पिछले दो वर्षों से मैं बहुत मेहनत कर रहा था ताकि जब मुझे मौका मिले, तो मैं कुछ खास कर सकूं और ऐसा कर पाने पर मैं बेहद खुश हूं।"