विमेंग बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) के अगले सीजन के लिए होबार्ट हरिकेंस ने अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है। टीम ने दिग्गज ऑल-राउंडर निकोला कैरी को कप्तान बनाया है। निकोला हाल ही में संन्यास लेने वाली एलिस विलानी की जगह लेंगी।
एलिस विलानी ने पिछले सीजन में होबार्ट हरिकेंस को पहली बार डब्ल्यूबीबीएल का चैंपियन बनाया था। ऐसे में विलानी की जगह को सफलतापूर्वक भरना निकोला के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। हीथर ग्राहम को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
कैरी ने एक बयान में कहा, "यह बहुत बड़ा सम्मान है। मुझे यह जिम्मेदारी मिलने पर बहुत गर्व है। उम्मीद है, मैं एलिस जितना अच्छा काम कर पाऊंगी। उपकप्तान होने के नाते मैं बहुत सारी मीटिंग में गई हूं और देखा है कि एलिस ने इसे कैसे किया है। ये बहुत फायदेमंद रहा है। हालांकि, हम बहुत अलग लोग हैं, इसलिए मुझे लगता है कि मैं इसे अपने तरीके से करूंगी। मुझे नहीं लगता कि इससे ग्रुप में रोजाना काम करने के मेरे तरीके में बहुत ज्यादा बदलाव आएगा।"