भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज सुषमा वर्मा विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूसीपीएल) नॉकआउट से त्रिनबागो नाइट राइडर्स जुड़ गई हैं। सुषमा ने टीम में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी यास्तिका भाटिया की जगह ली है। भाटिया ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली सीरीज में भारत ए टीम का हिस्सा बनने के लिए लीग से अलग हुई हैं।
यास्तिका भाटिया 20 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वन-डे सीरीज और उसके बाद होने वाले चार-दिवसीय मैच के लिए कप्तान हैं। यास्तिका का हटना निश्चित रूप से त्रिनबागो की परेशानी बढ़ाने वाला है, क्योंकि वह टीम के लिए नियमित रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं।
वहीं, सुषमा वर्मा ने त्रिनबागो नाइट राइडर्स जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। क्रिकइंफो के मुताबिक सुषमा ने कहा, "डब्ल्यूसीपीएल का हिस्सा बनना खास है और मैं इस मौके के लिए नाइट राइडर्स सेट-अप की शुक्रगुजार हूं। मुझे लगता है कि यह मेरे टी20 गेम में की गई कड़ी मेहनत का फल है।"