महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच बेहद अहम मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाना है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत टीम है, इसलिए भारतीय टीम के लिए जीत आसान नहीं होगी। हालांकि, टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा है कि भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय में बेहतर प्रदर्शन किया है, और भारत-ऑस्ट्रेलिया में अंतर पिछले कुछ समय में कम हुआ है।
स्मृति मंधाना ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया था। हमें इससे बहुत आत्मविश्वास मिलेगा। विमेंस प्रीमियर लीग की वजह से लगता है कि लड़कियां दबाव वाले मैचों को पहले की तुलना में बेहतर तरीके से खेलने के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं। उम्मीद है कि हम उन सभी अनुभवों और यादों को लेकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
भारतीय उपकप्तान ने कहा, "हम सभी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमारे लिए यह बहुत जरूरी मैच है। हमें जीतना ही होगा। हम मैदान पर कड़ी मेहनत करेंगे। हम सभी ने इस बारे में बहुत बात की है। हम आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहते हैं।"