भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत से मिले 192 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल किया। हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर का कहना है कि टीम को खासतौर पर फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है।
मैच के बाद भारतीय कप्तान ने कहा, "सच कहूं तो, यह मुमकिन था। मिडिल ओवरों में हमें जैसी शुरुआत मिली थी, और जिस तरह से मैंने और ईशान ने मोमेंटम बनाया था, उसे देखते हुए हम और बेहतर कर सकते थे। हालांकि, उसके बाद हमने लगातार विकेट गंवा दिए, जिससे नए बल्लेबाज पर अचानक दबाव आ गया। इस पिच पर खेलना आसान नहीं था, खासकर तब जब गेंद सीम कर रही थी, कभी रुककर आ रही थी, तो कभी तेजी से फिसल कर निकल रही थी। आपने देखा होगा कि मैं और तिलक, हम दोनों लगभग एक ही तरह से आउट हुए। यह काफी चुनौतीपूर्ण था, खासकर उस 'हार्ड लेंथ' पर। लेकिन 191 रन तक पहुंचना, मेरे हिसाब से एक ठीक-ठाक स्कोर था।"
अय्यर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हम अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में और बेहतर कर सकते थे। हम थोड़े लापरवाह रहे। मगर यह सीखने का एक बहुत अच्छा मौका था। विदेश में आना, न्यूजीलैंड आना और अलग-अलग मौकों पर, अलग-अलग मैदानों पर खेलना, यह सीखने का एक शानदार अनुभव रहा।"