न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ दो टी20 मैचों में उनकी टीम का मैच को जीत में न बदल पाना काफी भारी पड़ा, हालांकि उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि टीम ने दोनों मैचों में लंबे समय तक बहुत अच्छा खेल दिखाया।
न्यूजीलैंड ने भारत को कड़ी टक्कर दी, लेकिन हेगले ओवल में उन्हें लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। दोनों ही बार हार का अंतर एक जैसा रहा - चार विकेट। न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा रविवार को जारी एक वीडियो में वाल्टर ने कहा, "यह वाकई मुश्किल है। जैसा कि हम जानते हैं कि टी20 क्रिकेट में जीत और हार का अंतर बहुत कम होता है। दोनों मैचों में हम आसानी से जीत सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।"
वाल्टर ने कहा, "शायद हर बार हमने कुछ ऐसे मौके गंवा दिए, जिनसे हम मैच अपने नाम कर सकते थे। थोड़ी निराशा जरूर है, लेकिन टीम के खेल से मैं बहुत खुश हूं। इस सीरीज से पहले एक टीम के तौर पर हमने ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला था। मुझे लगता है कि हमने हर मैच के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से में बहुत अच्छा खेल दिखाया। बस हम हर बार मैच को जीत में नहीं तब्दील नहीं कर पाए, जो निराशाजनक है। हालांकि, फिर भी अब तक खेले गए दोनों मैचों से कई सकारात्मक चीजें सामने आई हैं।"