बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर यह बांग्लादेश की पहली जीत है। बांग्लादेश की जीत के नायक तेज गेंदबाज हसन महमूद रहे, जिन्होंने मुकाबले में कुल 9 विकेट चटकाए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन और गेंदबाजी करते हुए पूर्ण समर्पण को दिया।
महमूद ने बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलियाई धरती पर अपनी पहली टेस्ट जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट चटकाए और दूसरी इनिंग में 3 विकेट निकाले। महमूद की शानदार गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश की टीम पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 198 रनों पर समेटने में सफल रही। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 426 रन बनाए और 228 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। हालांकि, दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और पूरी टीम 284 रन बनाकर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया से मिले 57 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने एक विकेट खोकर हासिल किया।
ऐतिहासिक जीत के लिए की गई तैयारी के बारे में बताते हुए महमूद ने कहा कि टीम ने नतीजे की चिंता करने के बजाय अपने प्रोसेस पर भरोसा करने पर ध्यान दिया। मैच के बाद महमूद ने कहा, "हमने मैच से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान हर सेकंड अपना सब कुछ दिया, अपने प्रोसेस पर भरोसा करने और आखिरी नतीजे के बजाय उसे पूरा करने पर ध्यान देने की क्लियर सोच रखी। हम पूरे पांच दिन मेहनत करने के लिए पूरी तरह तैयार थे, यह जानते हुए कि नतीजे अपने आप मिलेंगे।"