नीदरलैंड की महिला क्रिकेट टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक का सफर किसी साधारण खेल कहानी से कहीं आगे का है। यह सफर संघर्ष, धैर्य, सीमित संसाधनों और लगातार खुद को साबित करने की कहानी है। नीदरलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज बैबेट डी लीडे का इसमें अहम योगदान रहा है। उनका कहना है कि अब सिर्फ ऊपर ही जाना है।
नीदरलैंड ने ग्लोबल क्वालीफायर के माध्यम से वर्ल्ड कप में जगह बनाई। नेपाल के कीर्तिपुर में खेले गए निर्णायक मैच में अमेरिका के खिलाफ 129 रन का पीछा करते हुए बारिश ने खेल को बाधित कर दिया। 12 ओवर में 90/2 के स्कोर पर पहुंच चुकी नीदरलैंड डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के तहत आगे थी और जीत की ओर बढ़ रही थी। बारिश के चलते मैच रुक गया और अंततः नीदरलैंड को विजेता घोषित किया गया। इस जीत ने नीदरलैंड को पहली बार टी20 विश्व कप में जगह दिलायी।
बैबेट ने उस क्षण को याद करते हुए आईएएनएस से कहा, "वो अनुभव अविश्वसनीय और भावनात्मक था। यह जीत वर्षों की मेहनत का परिणाम थी, जिसमें टीम ने लगातार सुधार किया और हर चुनौती का सामना किया।"