साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने कहा कि यूएई में अपने 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स' (डब्ल्यूसीएल) खिताब को बचाने के लिए मैदान के बाहर की दोस्ती और मैदान पर बिना किसी समझौते वाली प्रतिस्पर्धी भावना के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। डिविलियर्स ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम से कहा था कि मैदान पर कदम रखते ही दोस्ती को एक तरफ रख दें।
डिविलियर्स 'साउथ अफ्रीका चैंपियंस' की कप्तानी करेंगे। यह टूर्नामेंट 3 से 18 अक्टूबर तक शारजाह में खेला जाएगा और उनकी टीम रविवार को शारजाह में ही 'वेस्टइंडीज चैंपियंस' के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। डिफेंडिंग चैंपियन इस टूर्नामेंट में 2025 में पाकिस्तान चैंपियंस पर 9 विकेट की शानदार जीत के साथ खिताब जीतने के बाद उतर रहे हैं। फाइनल में डिविलियर्स ने 60 गेंदों पर नाबाद 120 रन बनाए थे।
डिविलियर्स ने 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स' के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर 'फैनकोड' द्वारा आयोजित एक विशेष बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "हां, पिछले साल डब्ल्यूसीएल का हिस्सा बनने की मुख्य वजह पुरानी यादों को ताजा करना और पुराने साथियों के साथ फिर से ड्रेसिंग रूम साझा करना था। निश्चित रूप से पहले सीजन में यही सबसे खास बात थी, जिसमें मैंने हिस्सा लिया था। जाहिर है मैं सबसे पहला सीजन नहीं खेल पाया था। मैंने दूसरे सीजन में कप्तान के तौर पर खेला और पुराने साथियों के साथ-साथ पुराने प्रतिद्वंद्वियों के साथ भी बहुत अच्छी बातचीत हुई, जो सालों में दोस्त बन गए थे।"