बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज जीत ली है। गुरुवार को ढाका में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में डीएलएस नियम के तहत बांग्लादेश ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बन ली है।
बांग्लादेश की जीत के बाद टीम के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने कहा, "यह जीत बहुत मायने रखती है। मैं खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह बहुत शानदार एहसास है। हमने इस सीरीज में बहुत हिम्मत दिखाई। पिछले कुछ महीनों में हमने बहुत मेहनत की है। हम अपने खेल को बेहतर बनाना चाहते थे। पिछले दो मैचों में हमने जैसा खेल दिखाया, वह बेहतरीन था। मुझे इस टीम का हिस्सा होने पर बहुत गर्व है।"
शांतो ने कहा, "हम एक टीम के तौर पर खेलना चाहते थे, हर स्किल को बेहतर करना चाहते थे और हर खिलाड़ी हर मैच में योगदान देना चाहता था। चाहे वह फील्डिंग हो या गेंदबाजी। हम बस ऐसा ही खेलना चाहते थे। खिलाड़ियों ने बहुत जज्बा दिखाया, खासकर वे जो नहीं खेल रहे थे और डगआउट में बैठे थे। उन्होंने भी बहुत मदद की। ऐसा लगता है कि हम एक टीम के तौर पर खेले। हमें उन छोटी-छोटी चीजों को जारी रखना होगा।"