राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में आरआर ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 30 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। आरआर ने चौथा स्थान हासिल किया है। मैच के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा कि हमें काफी पहले क्वालीफाई कर लेना चाहिए था। हमने देर कर दी।
मैच के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा, "चीजें प्लान के मुताबिक होती हैं तो अच्छा लगता है। मुझे पता है कि हमने मैच जीत लिया है, हम क्वालीफाई कर गए हैं। अभी भी कई क्षेत्रों में हम बेहतर कर सकते हैं।"
आर्चर को सातवें और जडेजा को नौवें नंबर पर भेजने के फैसले पर पराग ने कहा, "हमें रनों की जरूरत थी। यह एक ऐसी पिच है जहां दो बल्लेबाज एक साथ खेलते हुए हर गेंद पर रन नहीं बना सकते। हम चाहते थे कि कोई एक बल्लेबाज रिस्क ले। और दूसरा बल्लेबाज थोड़ी देर और टिका रहे। जडेजा हमेशा की तरह भरोसेमंद रहे। मुझे पता था कि आखिर में वह हमें 10 गेंदों में कम से कम 20 रन तो दिला ही देंगे, और उन्होंने ऐसा ही किया। सच कहूं तो इस सीजन में मैंने कई साहसी फैसले लिए हैं। मुझे इसी तरह से कप्तानी करना पसंद है।"