T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के उप-कप्तान ट्रेविस हेड ने स्वीकारा है कि उनकी टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में काफी अच्छी नहीं थी। टीम के वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने के बाद, हेड अब साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए शेफील्ड शील्ड में हिस्सा लेंगे। हेड ने बताया है कि ऑस्ट्रेलिया टी20 फॉर्मेट के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी में रखा गया था, जिसमें इस टीम ने 4 में से 2 मैच अपने नाम किए। आयरलैंड के खिलाफ 67 रन से जीत दर्ज करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे ने 23 रन से मात देकर बड़ा उलटफेर कर दिया।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका ने 8 विकेट से रौंदा। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल से बाहर हो गया। हालांकि, इस टीम ने ओमान के विरुद्ध 9 विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए अभियान का अंत किया। 2021 की चैंपियन टीम मल्टी-फॉर्मेट टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।