मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच कीरोन पोलार्ड ने माना कि पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम हाल के सीजन में अपने फैंस की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से एक खतरनाक टीम बनने की शुरुआत अपनी इस कमी को स्वीकार करने से होगी।
पोलार्ड, जो पिछले चार आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस टीम के बैटिंग कोच थे अब महेला जयवर्धने की जगह लेंगे। जयवर्धने पिछले सप्ताहांत ही इस फ्रेंचाइजी से अलग हुए हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर पोलार्ड का मुंबई इंडियंस और इसकी अन्य फ्रेंचाइजियों के साथ जुड़ाव आईपीएल 2010 से है, जब वह पहली बार एक खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़े थे।
धुआंधार बल्लेबाजी करने वाले पोलार्ड मुंबई इंडियंस की उन सभी पांच आईपीएल खिताबी जीतों (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा, वह 2011 और 2013 में टीम की दो चैंपियंस लीग टी20 जीतों में भी शामिल थे। पोलार्ड ने कहा, "एक टीम के तौर पर हम समझते हैं कि हम उतने अच्छे नहीं रहे हैं, जितनी फैंस हमसे उम्मीद करते हैं। बेहतर बनने की दिशा में पहला कदम यही है कि हम इस बात को स्वीकार करें।"