भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। टीम इंडिया का एशियाई खेलों में यह लगातार दूसरा गोल्ड था। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया के सामने वेस्टइंडीज की चुनौती है।
भारतीय टीम को अपने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होना है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने बेशक हाल में एशियन गेम्स का स्वर्ण जीता है, लेकिन हाल के दिनों में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।
उन दोनों सीरीज में भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फिल्डिंग के साथ ही प्लेइंग इलेवन संतुलन को लेकर भी आलोचना का शिकार रही थी। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होने वाली है। खासकर, वेस्टइंडीज ने वनडे सीरीज में जिस तरह बल्लेबाजी की है, उससे टीम इंडिया की चुनौती और बढ़ी है।