श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शेमार जोसेफ और अल्जारी जोसेफ की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वहीं, जोशुआ डा सिल्वा और आमिर जंगू को भी टीम में वापस बुलाया गया है।
अल्जारी और शेमार दोनों पिछले साल के आखिर में चोट की वजह से भारत और न्यूजीलैंड दौरे पर खेली गई टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपना आखिरी टेस्ट सीरीज घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी। जोसेफ और शेमार की वापसी से वेस्टइंडीज का तेज गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है।
घरेलू सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन करने का इनाम जोशुआ सिल्वा को मिला है। उन्होंने हाल ही में खत्म हुई वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 पारियों में 413 रन बनाए थे, और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। जोशुआ को टेविन इमलाच की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। इमलाच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। वह 6 पारियों में महज 81 रन ही बना सके थे।