नियमित कप्तान हेली मैथ्यूज जिम्बाब्वे के आगामी दौरे पर वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज महिला टीम की कमान संभालेंगी, जिसके बाद निजी अवकाश लेंगी। ऐसे में वह टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगी। वहीं, स्टार ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन को पूरे दौरे के लिए निजी अवकाश दिया गया है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब 24, 27 और 30 सितंबर को तीन वनडे मुकाबलों की मेजबानी करेगा, जिसके बाद दोनों टीमें टी20 मुकाबलों के लिए ताकाशिंगा क्रिकेट क्लब जाएंगी, जो क्रमशः 3, 5 और 7 अक्टूबर को खेले जाएंगे। तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूजी) ने जिम्बाब्वे के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए टीम घोषित की है। ऑलराउंडर एबोनी ब्रेथवेट को डिएंड्रा की जगह टीम में शामिल किया गया है, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप की संभावित खिलाड़ी हैं। सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर चिनेल हेनरी चोट से उबरने के बाद वापसी कर रही हैं; इस चोट के कारण जून-जुलाई में इंग्लैंड में उनका टी20 वर्ल्ड कप अभियान प्रभावित हुआ था। हेनरी, कियाना जोसेफ की जगह लेंगी, जो खराब फॉर्म के कारण दौरे से बाहर हो गई हैं।