भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है।
टॉस जीतने के बाद कैरेबियाई टीम के कप्तान होप ने कहा, "मुझे लगता है कि हम सभी जानते हैं कि मैं क्या करने वाला हूं, हम फिर से पहले गेंदबाजी करेंगे। जब आप तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हों, तो यह चुनौतीपूर्ण होता है। इन हालात में जितनी जल्दी हो सके, सीखना जरूरी है। हम हमेशा जानते हैं कि कैच से कई मैच का फैसला होता है। रोमारियो ठीक है, लेकिन वह आराम कर रहे हैं। अकील हुसैन की जगह कीमो पॉल को शामिल किया गया है।"
भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। शिवम दुबे की जगह पर नीतीश कुमार रेड्डी और कुलदीप के स्थान पर प्रिंस यादव को मौका दिया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान अय्यर ने कहा, "पिछले मैच में ओस का बहुत बड़ा रोल था। कभी-कभी ऐसा होता है, इसलिए आपको उस बात को भुलाकर आगे बढ़ने की सोच रखनी चाहिए। एक अच्छा स्कोर बनाने के लिए हालात के हिसाब से खुद को ढालना और तेजी से स्थिति को समझना जरूरी है। शिवम दुबे बाहर हैं और उनकी जगह पर नीतीश रेड्डी आए हैं। कुलदीप के स्थान पर प्रिंस खेल रहे हैं। मैदान के साइज को देखते हुए हमने ये बदलाव किए और हमें ऐसे खिलाड़ी की भी जरूरत थी जो यॉर्कर गेंदों पर अच्छे शॉट लगा सके।"