भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने पहलवान मनीषा भनवाला को बधाई दी है। मनीषा ने शुक्रवार को सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचा। कजाकिस्तान के अस्ताना में महिलाओं के 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में मनीषा ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।
धवन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "0-6 से पिछड़ने के बाद वर्ल्ड चैंपियन बनना। क्या शानदार फाइटर हैं आप, मनीषा। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। बधाई हो।" शुक्रवार को मनीषा ने अमेरिका की एबिगेल नेट के खिलाफ कमाल की वापसी की। वह छह अंकों से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 8-6 से जीत दर्ज की और सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के इतिहास में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।
भारतीय पहलवान के लिए शुरुआत काफी मुश्किल रही। नेट ने एक 'फोर-प्वाइंट थ्रो' (चार अंकों वाला दांव) लगाया और भारत की ओर से की गई एक असफल चुनौती के बाद उन्हें एक और अंक मिल गया, जिससे नेट 5-0 से आगे हो गईं। इसके बाद मनीषा को एक चेतावनी भी मिली, जिससे अमेरिकी पहलवान की बढ़त 6-0 हो गई।