Indian Premier League: आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन की चौथी हार से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ काफी निराश नजर आए। उन्होंने कहा कि टीम के बल्लेबाज अहम समय पर साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
एसआरएच के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, "जिस तरह से उनका (एसआरएच) पावरप्ले चला, उसे देखकर मुझे लग रहा था कि स्कोर 220-230 के आसपास जाएगा। स्कोर को 30 रन कम करके उन्हें 200 से नीचे रोकना यकीनन शानदार था। 10 ओवरों में सिर्फ 80 रन चाहिए थे। वहां से बस कुछ साझेदारियां बनाने की जरूरत थी। 10 ओवर पूरे होने के बाद अगले 2 ओवरों में हमने महज 4 रन बनाए। आखिर के ओवरों में 12 से 13 रन प्रति ओवर का पीछा करना मुश्किल होता है।
हालांकि, ऋतुराज ने हार के बावजूद टीम के गेंदबाजों की सराहना की। उन्होंने कहा, "यह लगातार तीसरा मैच है जब हमारी गेंदबाजी यूनिट ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। आज पावरप्ले में भी मुझे लगा कि अभिषेक ने शानदार खेल दिखाया। मेरे हिसाब से सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। वह (अंशुल कंबोज) अपनी गेंदबाजी पर, खासकर आखिर के ओवरों की गेंदबाजी पर बहुत मेहनत कर रहे हैं। ऐसे गेंदबाज बहुत कम मिलते हैं जिनके पास पूरी स्पष्टता हो और जो कप्तान से कह सकें कि मुझे पता है कि क्या करना है, और मैं यही करने वाला हूं।"