New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच के तौर पर अपने दो साल के कार्यकाल पर बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि वे सभी फॉर्मेट में मिली सफलता को तो संजोते ही हैं, साथ ही अपनी नाकामियों को भी खुले दिल से स्वीकार करते हैं।
जुलाई 2024 में शुरू हुए गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विदेशी सरजमीं पर और घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना भी किया।
गंभीर ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "ये दो साल पलक झपकते ही नहीं गुजरे। मुझे लगता है कि मैंने उतार-चढ़ाव देखे हैं। मेरी अपनी नाकामियां और सफलताएं रही हैं। फिर भी, मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जब आप ऐसी जिम्मेदारी लेते हैं, तो उतार-चढ़ाव तो आते ही हैं। चाहे टेस्ट क्रिकेट हो, वनडे क्रिकेट हो या टी20 क्रिकेट। हां, मुझे सफलता मिली है, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा लेकिन मुझे नाकामियां भी मिली हैं। जिन्हें मैं खुले दिल से स्वीकार करता हूं।"