बांग्लादेश क्रिकेट टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने वाली है। सीरीज से पहले बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा है कि उनकी टीम के तेज गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर कड़ी टक्कर देंगे। शांतो ने कहा कि हमारे गेंदबाज 20 विकेट लेने में सक्षम हैं।
शांतो ने कहा, "मुझे ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम पर पूरा भरोसा है। हम अच्छा क्रिकेट खेल सकते हैं। इंजरी की वजह से बाहर हुए खिलाड़ियों के बारे में सोचने से कोई फायदा नहीं होने वाला। यह खेल का हिस्सा है। मुझे लगता है कि हमारे पास ऑस्ट्रेलियाई हालात में 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हमारे पास दो अनुभवी स्पिनर हैं जो तेज गेंदबाजों का साथ दे सकते हैं। हमारा तेज गेंदबाजी आक्रमण भी सक्षम है।"
बांग्लादेश की टीम 23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रही है। इस पर शांतो ने कहा, हम लकी हैं कि वहां जा रहे हैं। हम वहां अच्छा क्रिकेट खेलकर सम्मान कमाने की कोशिश करेंगे। हमें उम्मीद है कि हम वहां और टेस्ट खेल पाएंगे।