न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट सिडनी थंडर के साथ एक साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद बिग बैश लीग में वापसी करेंगे। 37 साल के बोल्ट पूरे सीजन में उपलब्ध रहेंगे। बोल्ट अपने ही देश के लॉकी फर्ग्यूसन के साथ मिलकर थंडर की गेंदबाजी को मजबूत करेंगे।
बोल्ट इससे पहले 2022-23 सीजन के दौरान मेलबर्न स्टार्स के लिए बीबीएल में आठ मैच खेले थे। थंडर में उनका आना ऑस्ट्रेलियाई फ्रेंचाइजी क्रिकेट में वापसी का संकेत है।
न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने कहा, "मैं बिग बैश में फिर से खेलने और थंडर में लॉकी (फर्ग्यूसन) के साथ जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। जिस तरह से वह शामिल होते हैं, मैं उम्मीद करता हूं कि वह भी वैसा ही करेंगे और उनकी तरह अपनी छाप छोड़ेंगे, न सिर्फ टीम के साथ बल्कि फैंस के साथ भी। क्रिकेट ने मुझे इतने सालों में बहुत कुछ दिया है और मैं अभी भी उस स्टेज पर हूं, जहां मुझे मैदान में जाकर योगदान देना, विकेट लेना और पावरप्ले में आक्रामक होने की कोशिश करना पसंद है।"