यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) ने आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप एशिया क्वालीफायर के फाइनल में मेजबान मलेशिया को एक रन के करीबी अंतर से मात दी। इसी के साथ यूएई ने साल 2027 में होने वाले ग्लोबल इवेंट के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम ने मसीरा जहांगीर (31) और मेहुल कुलकर्णी (22) की मदद से 19.3 ओवरों में 95 रन बनाए। इसके जवाब में मलेशियाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 94 रन ही बना सकी। बल्ले से चमक बिखेरने के बाद जहांगीर ने 4 ओवरों में 12 रन देकर 2 विकेट निकाले। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बायुमास ओवल में मिली इस रोमांचक जीत के साथ यूएई का शानदार और अजेय अभियान सफल रहा। 23 जुलाई को शुरू हुए आठ टीमों के रीजनल क्वालीफायर से निकलकर यूएई ने एकमात्र क्वालिफिकेशन स्पॉट हासिल किया है।