Indian Premier League: साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मिली जीत सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए इस सीजन टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकती है। स्टेन का कहना है कि इस जीत के बाद एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में ऊपर की तरफ बढ़ सकती है।
सीएसके के खिलाफ मिली जीत के साथ ही एसआरएच ने प्वाइंट्स टेबल में टॉप-4 में अपनी जगह बना ली है। सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में शनिवार को सीएसके को 10 रनों से हराया। यह एसआरएच की इस सीजन की तीसरी जीत है। सीएसके के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 194 रन लगाए।
टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक और ट्रेविस हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों में 59 रन बनाए। क्लासेन ने नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा और अनिकेत वर्मा के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारियां निभाईं, जिसके दम पर एसआरएच आईपीएल में सीएसके के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।