श्रीलंका विमेंस क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को 10 विकेट से रौंदा।
आयरलैंड से मिले 106 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका ने आसानी से 13 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को विशमी गुणरत्ने और हसिनी परेरा ने शानदार शुरुआत दी। श्रीलंका की ओपनिंग जोड़ी के आगे आयरलैंड की गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आईं। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 110 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई। विशमी ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए। वहीं, हसिनी ने 41 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया।
इससे पहले, आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 105 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान गैबी लुईस सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद लारा मारिट्ज भी 19 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। एमी हंटर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और वह 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुईं।