'प्लेयर ऑफ द मैच' हेली मैथ्यूज की 182 रनों की यादगार पारी के दम पर वेस्टइंडीज की महिला टीम ने गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में 99 रन से दमदार जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 50 ओवरों के खेल में 6 विकेट खोकर 299 रन बनाए। कप्तान हेली मैथ्यूज ने रियालियाना ग्रिमंड के साथ पहले विकेट के लिए 140 गेंदों में 128 रन की साझेदार की। ग्रिमंड 8 बाउंड्री के साथ 53 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद मैथ्यूज ने मोर्चा संभाला।
हेली मैथ्यूज ने शेमेन कैंपबेल (13) के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन, जबकि चिनेल हेनरी (19) के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन जुटाकर टीम को 250 के पार पहुंचा दिया। मैथ्यूज 156 गेंदों में 2 छक्कों और 26 चौकों के साथ 182 रन बनाकर आउट हुईं।