भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा का मानना है कि आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में खिताब जीतने की भारत की उम्मीदें ग्रुप स्टेज के कठिन मुकाबलों पर काफी हद तक निर्भर करेंगी। हालांकि, उन्होंने इस चुनौती को एक मजबूत टीम के लिए जरूरी परीक्षा बताया, जो विश्व चैंपियन बनना चाहती है।
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के साथ एक ही ग्रुप में होने के कारण भारत को नॉकआउट चरण तक पहुंचने के लिए कठिन रास्ते से गुजरना पड़ सकता है। फिर भी चोपड़ा का कहना है कि विश्व कप जीतने के लिए कोई भी आसान रास्ता नहीं होता।
चोपड़ा ने 'जियोस्टार' से कहा, “आपको या तो साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा। अगर आप इस ग्रुप में नहीं हैं, तो आपको न्यूजीलैंड और इंग्लैंड मिलेंगे। ऐसे में आपका सामना कम से कम दो मजबूत विरोधियों से होगा। अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं, तो आपको अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा।”