विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में मंगलवार को श्रीलंका के हाथों 9 विकेट से करारी शिकस्त झेलने के बावजूद आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस अपनी टीम की तरक्की को लेकर उम्मीद बनाए हुए हैं। कप्तान का कहना है कि मजबूत विरोधियों के खिलाफ खेलने का अनुभव टीम को और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा।
काउंटी ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में आयरलैंड ने 5 विकेट खोकर 130 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका ने 15.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आयरलैंड की पारी के बारे में बात करते हुए लुईस ने कहा कि पावरप्ले के दौरान टीम का स्कोर 30/3 हो जाने के बाद पारी को फिर से संभालना सबसे जरूरी काम था। पारी की चौथी गेंद पर एमी हंटर (0) के रन आउट होने के बाद आयरलैंड की पारी मुश्किल में पड़ गई थी, जिसके बाद ओर्ला प्रेंडरगास्ट (0) और रेबेका स्टोकेल (13) भी जल्दी आउट हो गईं। लुईस ने पॉल के साथ चौथे विकेट के लिए 59 गेंदों में 66 रन जुटाए, जिससे पारी संभली और आयरलैंड एक अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब रहा।