न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ रोज बाउल में खेले जा रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मैच में जीत के लिए 151 रन का टारगेट रखा है। टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन का अहम योगदान रहा।
न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन पहले ही ओवर में इस टीम को बड़ा झटका लगा। पारी की तीसरी गेंद पर इसाबेला गेज अपना विकेट मिताली अयोध्या को दे बैठीं। गेज टीम के खाते में सिर्फ 4 रन का योगदान दे सकीं। इसके बाद अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिम्मर के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।
जॉर्जिया 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 18 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद केर ने सोफी डिवाइन के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 43 रन जोड़े। कप्तान केर 36 गेंदों में 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।