महिला टी20 विश्व कप 2026 के 11वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया। एजबेस्टन के मैदान पर पाकिस्तान से मिले 127 रनों के लक्ष्य को प्रोटियाज टीम ने 16.5 ओवर में 8 विकेट खोकर हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान लौरा वोल्वार्ट महज 8 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। सुने लुस का बल्ला भी खामोश रहा और वह 5 रन ही बना सकीं। मारिजाने कैप भी 8 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुईं। एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद एनरी डर्कसन ने एक तरफ से अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की दमदार पारी खेली। डर्कसन ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए।
वहीं, नादिन डे क्लर्क भी बेहतरीन लय में दिखाई दीं और उन्होंने 28 गेंदों में 37 रनों की अहम पारी खेली। हालांकि, डर्कसन के आउट होने के बाद साउथ अफ्रीका ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और एक समय पर पाकिस्तान की टीम पूरी तरह से मैच में हावी हो गई थी, लेकिन आखिर में टीम बाजी मराने में सफल रही। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से कप्तान फातिमा सना का प्रदर्शन दमदार रहा और उन्होंने सिर्फ 16 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। वहीं, सादिया इकबाल ने दो विकेट अपने नाम किए।