T20 World Cup Semi: ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 विकेट से दमदार जीत दर्ज करते हुए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी ने फाइनल में पहुंचने का श्रेय अपनी टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन को दिया है। छह बार की चैंपियन टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई है।
केनिंग्टन ओवल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 7 विकेट खोकर 125 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 13 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद मूनी ने एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम और जॉर्जिया वोल के योगदान का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे ऑस्ट्रेलिया की मजबूती, अलग-अलग भूमिकाएं निभाने की क्षमता और अहम मौकों पर मैच जिताने वाले खिलाड़ियों को तैयार करने की काबिलियत ने इस टीम को एक और वर्ल्ड टाइटल जीतने के करीब पहुंचा दिया है। अब रविवार को लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल में उनका मुकाबला सेमीफाइनल-2 की विजेता टीम से होगा, जो इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच गुरुवार को खेला जाना है।