बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस वर्ल्ड कप में अपनी तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरी हैं। भारतीय टीम में दो बदलाव हैं। अरुंधति रेड्डी और प्रेमा रावत यह मैच नहीं खेल रही हैं, जबकि रेणुका ठाकुर और राधा यादव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। वहीं, बांग्लादेशी खेमे में कोई बदलाव नहीं है।
टॉस जीतने के बाद बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। यह हमारे लिए बहुत अहम मैच है। हम इस मुकाबले में अपना सब कुछ झोंक देना चाहते हैं। हमारे बल्लेबाजों की फॉर्म खराब रही है। मुझे उम्मीद है कि वे वापसी करेंगे। गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है।"
वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच है, लेकिन अगर आप पिच पर थोड़ा समय बिताते हैं, तो यह वाकई बहुत अच्छी हो जाती है। हालांकि, इसमें गेंदबाजों के लिए भी कुछ न कुछ है। यह पिच बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के लिए अच्छी है। हमें बस हालात के हिसाब से खेलना है। पहले जीत हासिल करनी है और फिर देखना है कि खेल कैसे आगे बढ़ते हैं।"