कप्तान चामरी अट्टापट्टू की नाबाद शतकीय पारी के साथ श्रीलंका ने मंगलवार को काउंटी ग्राउंड में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 20वें मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
'ग्रुप-बी' में श्रीलंकाई टीम 4 में से 2 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड खिताबी रेस से बाहर है। इस ग्रुप में इंग्लैंड शीर्ष पर है, जबकि वेस्टइंडीज दूसरे स्थान पर है। इन दोनों ही टीमों ने शुरुआती तीनों मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 2 मैच अपने नाम करते हुए तीसरे पायदान पर है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 5 विकेट खोकर 130 रन बनाए। इस टीम ने 19 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से लिआ पॉल ने कप्तान गैबी लुईस के साथ चौथे विकेट के लिए 59 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की।