मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। शुक्रवार रात एजबेस्टन के मैदान पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रनों से हराया। इंग्लिश टीम से मिले 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान चमारी अटापट्टू बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और महज 4 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं, विश्मी गुणरत्ने को लॉरेन बेल ने 6 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इमेशा दुलानी भी 7 रन ही बना सकीं, जबकि हंसिमा करुणारत्ने 11 रन बनाने के बाद चार्ली डीन का शिकार बनीं। हर्षिता समरविक्रमा ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन वह अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 18 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुईं।
कविशा दिलहरी ने 19 रनों का योगदान दिया, जबकि 33 गेंदों में 39 रन बनाने वालीं नीलाक्षी डी सिल्वा टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में फ्रेया ग्रेस केम्प ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए चार विकेट चटकाए। वहीं सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। लॉरेन बेल और स्मिथ के खाते में एक-एक विकेट आया।