महिला टी20 विश्व कप 2026 के 22वें मुकाबले में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 38 रनों से हराया। लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लिश टीम से मिले 187 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 148 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान हेली मैथ्यूज 17 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 19 रन बनाकर चार्ली डीन का शिकार बनीं। जैनिलिया ग्लासगो को सिर्फ 6 रनों के स्कोर पर चार्ली डीन ने क्लीन बोल्ड किया। वहीं, शेमेन कैम्पबेल को 20 रनों के स्कोर पर सोफी एक्लेस्टोन ने पवेलियन भेजा। जाहजारा क्लैक्सटन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 21 रन बनाकर आउट हुईं।
हालांकि,चिनेल हेनरी ने अंत के ओवरों में 30 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेलकर वेस्टइंडीज की नैया को पार लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं। हेनरी ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से चार्ली डीन ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि लॉरेन बेल और लिन्से स्मिथ ने एक-एक विकेट चटकाया।