भारत विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने से चूक गया है। रविवार को 'विमेन इन ब्लू' ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 6 विकेट से गंवा बैठी। इसी के साथ भारत अंतिम-4 में पहुंचने का मौका गंवा बैठा।
'ग्रुप-ए' से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है, जबकि 'ग्रुप-बी' से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज अगले दौर में पहुंची हैं।
रविवार को लॉर्ड्स में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 55 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की। शेफाली 26 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ दूसरे विकेट के लिए 17 रन जुटाए। मंधाना ने 37 गेंदों में 6 चौकों के साथ 38 रन की पारी खेली।